Saturday, 22 August 2015

नेट नूट्रलिटी

आज कल नेट नूट्रलिटी अर्थात इंटरनेट निरपेक्षता पर विश्व भर में चर्चा हो रही है तो सोचा की चलिए इस पर भी कुछ विचार रखे जाएँ.

सबसे पहले, क्या है यह इंटरनेट निरपेक्षता, यह एक प्रकार की कंप्यूटर शब्दावली है जिसमे इंटरनेट की सुविधा देने वाली कंपनी या कम्पनिओं से यह अपेक्षा रहती है की वह अपने अपने ग्राहकों को निरपेक्ष सुविधा दें. 
इसका मतलब यह हुआ की उनके रूट (इंटरनेट मार्ग) से जो भी वेब साइट्स उनके ग्राहकों द्वारा देखी जाएँ उनमे किसी तरह का कोई पक्षपात न हो.

यह पक्षपात कई रूप में हो सकता है. जैसे, कुछ इंटरनेट कंपनियां कुछ विशेष प्रकार के उत्पादों को ज्यादा जल्दी अपने ग्राहकों को उपलब्ध करा सकती है जबकि कुछ दूसरे (जो इस इंटरनेट कंपनी को पसंद न हों) उत्पादों को उपलब्ध करने में देरी कर सकती हैं. दूसरा उदाहरण यह हो सकता है की आप कोई संगीत सुनना चाहते हैं परन्तु आपका इंटरनेट उपलध कराने वाली कंपनी (इंटरनेट प्रोवाइडर) उस संगीत को आपके उपकरण में धीरे धीरे उपलब्ध  कराये और जिसका परिणाम यह हो कि ज्यादा समय लेने के कारण या तो आप उस संगीत को अपने उपकरण में ले ही ना और या फिर आपको ज्यादा मूल्य देना पड़े अपने उपकरण में वह संगीत लेने के लिए.   


अब यह समस्या क्यों हुई इसका शायद उत्तर है इंटरनेट कि निरत बदलती तकनीक और इंटरनेट उपलब्ध करने वाली कम्पनिओं का लालच . ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि इंटरनेट कि बढ़ती हुई तकनीक ने इंटरनेट को अब और अधिक तेज़ और उपभोक्ता कि प्राथमिकताथमिकता अनूरूप मॉडल बना दिया है. इसका अर्थ यह हुआ कि अब इंटरनेट मोबाइल कम्पनिओं द्वारा भी उपलब्ध कार्य जा रहा है. इन मोबाइल फ़ोन कम्पनिओं ने अपनी त्वरित मेसेजिंग सिस्टम से काफी पैसा बनाया है. परन्तु आप ऐसे कंप्यूटर सॉफ्टवेयर आ गए हैं कि त्वरित मेसेजिंग सिस्टम कि उपयोगिता लगभग ख़त्म सी हो गयी है. ऐसे कंप्यूटर सोफ्ट्वरों में स्काइप और व्हाट्सप्प जैसे सॉफ्टवेयर भी हैं जो यदि आपके पास इंटरनेट कि सुविधा हो तो यह सॉफ्टवेयर आपको आसानी से मुफ्त फ़ोन पर बात करने कि सुविधा देते हैं. इससे टेक्नोलॉजी कि दुनिया में.वौइस् ओवर आईपी कहा जाता है. अब समस्या यह होगई मुख्यतौर पर मोबाइल फ़ोन कम्पनिओं के लिए कि उनकी त्वरित मेसेजिंग सिस्टम की उपयोगिता खत्म हो गयी और लोग उनके द्वारा दी गयी इंटरनेट की सुविधा से मुफ्त में फ़ोन पर बात कर लेते हैं. और यहीं से शुरू होता है लालच और हाई टेक्नोलॉजी का मत विभाजन और कनफ्लिक्ट ऑफ़ इंटरेस्ट.

इन कंपनियों ने अब अपने ग्राहकों द्वारा दूसरी उपयोगी सुविधाओं के लिए इंटरनेट को धीमा करना शुरू कर दिया और ऐसे हर इंटरनेट मार्ग को निम्न प्राथमिकता में रखना शुरू कर दिया जिससे उनको आय नहीं होती है, इंटरनेट सुविधा देने की आय के ऊपर. इंटरनेट सुविधा देने की आय तो वे पहले ही या तो मासिक अनुबंध द्वारा अथवा एक मुश्त फ़ोन के मूल्य से निकाल लेते हैं. अपने इसी लालच के कारण वे अब अपनी प्रतियोगी कम्पनिओं के इंटरनेट मार्ग को व्यस्त रखते हैं और आपको इंटरनेट की धीमे गति मिलती है.     

स्वस्थ व्यवसाइक वातावरण तो यह होता है कि सभी कम्पनिओं को अपने अपने उत्पाद दिखाने के लिए बराबर समय   मिलना चाहिए और वह भी सामान गति से जिससे ग्राहक स्वयं यह निर्णय कर सके की उससे किस उत्पाद में ज्यादा रूचि है ना कि ग्राहकों पर परोक्ष रूप से वह ही परसा जाये जो व्यवसाइक दृस्टि से ही अधिक आय अर्जित कर सके. 

Saturday, 4 April 2015

हिंदी साहित्य का इतिहास - II : आदिकाल १०००-१४००

आज हिंदी साहित्य के लेख को आगे बढ़ाते हैं. आज हम अपने पूर्व के लेखानुसार हिंदी साहित्य के विभिन्न कालों का विश्लेषण करेंगे. आज का लेख आदि काल को समर्पित है. 

आदिकाल १०००-१४०० 
यह विविध और परस्पर विरोधी प्रवर्तियों का काल है. राजनैतिक दृष्टि से उत्तरी भारत छोटे छोटे राज्यों में बंटा हुआ था. हर्षवर्धन (लगभग ६०६-६४७) के बाद किसी ने केंद्रीय सत्ता स्थापित नहीं की. आवागमन के साधनों के अविकसित होने के कारण विभिन्न स्थानों पर रची गयी कृतियों में भाषागत विभिन्नताओं और क्षेत्रीयता का रंग अधिक है. इसलिए आदिकाल का साहित्य अनेक बोलियों का साहित्य प्रतीत होता है. धार्मिक दृष्टि से इस काल में अनेक ज्ञात और अज्ञात साधनाएं प्रचलित थीं. सिद्ध, जैन, नाथ, आदि मतों का इस काल में व्यापक प्रचार था. सिद्धों का सम्बन्ध बौद्ध धर्म की कालांतर की तंत्र मंत्र की साधना, अर्थात वज्रयान, से था. इन्होने सहज जीवन पर बल दिया और वर्णाश्रम व्यवस्था पर तीव्र प्रहार किया है. सिद्धों का स्थान मध्य देश का पूर्वी भाग है. नाथों नें भी 'जोई जोई पिण्डे सोई ब्रह्मांडा' अर्थात जो शरीर में है वही ब्रह्माण्ड मैं है, कह कर ब्रह्मचर्य, वाक् संयम, शारीरिक- मानसिक सुचिता, मद्य-मांस के त्याग पर जोर दिया है.  नाथों का स्थान मध्य प्रदेश  का पश्चिमोत्तर भाग बताया जाता है.  जैन मतावलम्बी रचनाएँ दो प्रकार की हैं, पहली, नाथ-सिद्धों के तरह उपदेश, नीति और सदाचार पर बल है और दूसरी, पौराणिक, जैन साधकों की प्रेरक जीवन कथाएं और लोक प्रचलित कथाओं को आधार बना कर जैन मत का प्रचार किया गया लगता है.  जैन मत के प्रभाव में अधिकांश काव्य गुजरात, राजस्थान और दक्षिण में रचा गया है. 
इसके अतिरिक्त, पंडित रामचंद शुक्ल जी ने आदिकाल के तीसरे चरण को वीरगाथा काल  भी कहा है जिसमे श्रृंगार परक लौकिक काव्यों के साथ साथ कवि अपने आश्रय दाताओं और उनके पूर्वजों के पराक्रम , रूप और दान इत्यादि की प्रशंसा करते थे. इस काल में भूमि और नारी का हरण राजाओं पैर लिखे गए काव्य का सामान्य विषय है.पृथ्वी राज रासो, प्रसिद्ध चन्दरवरदायी की रचना, इस काल का एक महत्वपूर्ण काव्य है. भाषा की दृष्टि से यह अपभ्रंश और हिंदी का संधिकाल रहा है. आदिकाल का साहित्य शुद्ध अपभ्रंश अथवा शुद्ध हिंदी का न होकर अपभ्रंश-हिंदी का साहित्य है. साथ ही इस्लाम का भी प्रवेश हो चुका था और इसका भी प्रभाव आदिकाल के अंतिम चरण के प्रसिद्ध कवि अमीरखुसरो में दिखाई देता है. आदिकाल समाप्त होते होते दिल्ली के सिंहासन पर अलाउद्दीन ख़िलजी (लगभग १२९६-१३१६) जैसा शासक दिखाई देता है जो मध्य देश ही नहीं लगभग समूचे देश में अपना शासन स्थापित करता है. 

---------------
सहायक ग्रन्थ सूची :
हिंदी साहित्य का संछिप्त इतिहास - NCERT - कक्षा १२

Wednesday, 4 February 2015

दिल्ली दरबार

आज फिर कुछ लिखने का मन कर रहा तो आज कल दिल्ली, भारत में चल रहे चुनावी दंगल की बात हो जाये. एक तरफ जहाँ भारत के प्रधान मंत्री की साख दाँव पर है तो दूसरी तरफ भारत की राजनीती में एक उभरते हुए व्यक्तित्व की विश्वसनीयता का प्रश्न है

दोनों तरफ ही राष्ट्रवाद और राजनैतिक सुधारवाद का बोलबाला है और दोनों ही पक्ष अपने अपने नेता के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध और विश्वस्त नज़रें आ रहे हैं.

परन्तु ऐसा लगता है की कुछ तो बात है जो प्रधान मंत्री जी की पार्टी को असमंजस मैं डाले हुए है. ऐसा में इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि इस लेख के लिखे जाने तक प्रधान मत्री जी दिल्ली नगर में करीब ३ रैलियां सम्भोधित कर चुके हैं जो उनके कद के नेता के लिए बहुत ज्यादा है. याद कीजिये २०१४ के आम चुनाव की, प्रधान मत्री जी की एक चुनावी सभा उस पूरी डिस्ट्रिक्ट और कभी कभी पूरे राज्य विशेष के लिए पर्याप्त होती थी तो यहां क्या बात है की प्रधान मंत्री जी अभी कुछ और दिल्ली में आम सभाओं को संम्बोधित करने का मन बना रहे हैं. और इसके ऊपर, यदि खबरों की सुने, तो भाजपा ने अपने करीब १५० क्षेत्रीय और राष्ट्रीय नेताओं की फ़ौज लगा दी है चुनाव प्रचार में. उसके भी ऊपर भाजपा नें अपने कैडर के नेताओं पर विशवास न करके एक बाहरी उम्मीदवार श्रीमती किरण बेदी को मुख्य मंत्री के रूप में मैदान में लाना पड़ा.

यह सब कुछ करने के बाद भी भाजपा के शीर्ष नेता अपनी जीत तो सुनिश्चित बताने में हिचक ही रहें हैं.

दूसरी तरफ भी देश भक्ति और भ्रस्टाचार जैस ज्वलंत मुद्दों पर राजनीती का खाता खोलने वालों का आत्मा विशवास भी डोला हुआ दिख रहा है. बार बार ४९ दिनों में सरकार गिरा देने का प्रश्चाताप जनता के बीच में अपनी खोई हुई विश्वसनीयता को पुनः प्राप्त करने का प्रयास ही लगता है. और उसके ऊपर से निरंतर साथ छोड़ते हुए पुराने साथी भी उनकी पार्टी के लोकतान्त्रिक व्यवस्था पर ही प्रश्न चिन्ह लगाते हैं. और आप पार्टी के नेता के अतिरिक्त कोई भी प्रभावशाली व्यक्तित्व का अभाव भी उनकी प्रशाशनिक क्षमताओं पर भी प्रश्नचिन्ह ही लगाता है.

काँग्रेस का तो सूपड़ा ही जैसे साफ़ दिखाई देता है. प्रभावशाली नेतृत्व क्षमताओं के रहते हुए भी उनकी विश्वनीयता आम जनता में गंभीरता रूप से सशंकित ही है और लगता है जैसे २०१४ के आम चुनाओ की ही भांति कांग्रेस पार्टी को मायूस ही होना पड़ेगा और ऐसा हाल फिलहाल में कराये गए सर्वेक्षणों से भी लगता है. परन्तु शायद अपनी इस स्थिति के लिए स्वयं काँग्रेस खुद ही जिम्मेदार है.

इसप्रकार से सभी पार्टियां कुछ भी अपने बारे में निश्चितता से नहीं कह सकती है कि चुनाओ के परिणाम उनके पक्ष में आएंगे या नहीं. परन्तु याद कीजिये ऐसा अभी कुछ महीन पहले ही हुए आम चुनाव में नहीं था और भाजपा मदमस्त हाथी की भांति विजय विजय का राग आलाप रही थी और जनता नें उसे सत्ता में आने का मौका भी दे दिया । और उसके साथ २-३ विधान सभा चुनाव में भी विजय दिलवाई।

ऐसा दिल्ली के चुनाओ मैं नहीं कहा जा सकता क्योंकि यही तो शायद लोकशाही की सुंदरता है की कुछ भी अनुमान लगा लीजिये परन्तु परिणाम जनता अपने विवेक से उचित समय पर उचित ही लेती रही है, वह चाहे इमरजेंसी के दौरान श्रीमती इंदिरा गांधी को उखाड़ फेकना हो या फिर मंडल कमंडल की चौकड़ी की सत्ता में पुनः वापसी ना करने देना हो.

अब प्रश्न यह उठता है की फिर किसको सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए, वैसे तो सबसे बड़ी दावेदारी, मेरी समझ में, आप पार्टी को है और इसका कारण भी है. कारण यह है कि भाजपा को काफी राज्यों में सरकार चलाने का अवसर मिल चुका है और उनके पास भाजपा शाशित राज्यों में जन कल्याण के कार्यक्रम चला सकते हैं और देश भक्ति और सुशासन का प्रमाण देने का अवसर है . दूसरी तरफ आप पार्टी को अभी तक पूरा अजमाना बाकी है, वे या तो ४९ दिनों मैं सरकार की जिम्मेदारिओं से भाग गए या फिर आम चुनाओ में पर्याप्त संख्या न प्राप्त कर सके.

और एक स्वस्थ लोक तांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है और भाजपा इस भूमिका को वर्तमान परिस्थिओं में सबसे अछे तरीके से निभा सकती है क्योकि उसकी. केंद्र में सरकार है और राज्य सरकार के गलतियों को जनता के सामने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से ला सकती है.

अब रही बात कांग्रेस की तो अभी उसे थोड़ा सत्ता से बाहर रह कर आंदोलन का अभ्यास करना चाहिए और विधान सभी के अंदर और बाहर एक सकारात्मकता के साथ काम करते हुए सरकार और विपक्ष की विफलताओं को जनता के बीच में लाना चाहिए जिससे दिल्ली को भाजपा और आप दोनों के ही विकल्प के रूप में एक तीसरी राजनैतिक शक्ति मिल सके.

Monday, 8 April 2013

हिंदी भाषा का इतिहास : हिंदी साहित्य का काल विभाजन - I

 आज हम हिंदी साहित्य के इतिहास पर चर्चा करेंगे। हिंदी साहित्य के इतिहास का प्रारंभ संभवतः तब हुआ होगा जब हिंदी में रचनाएँ प्रारंभ हुई होंगी। भाषा का प्रवाह धारा के प्रवाह की भांति नहीं होता और ठोस वस्तुओं की तरह उसका विभाजन संभव नहीं है। परन्तु फिर भी विद्वान मानते हैं की हिंदी साहित्य का इतिहास लगभग एक हजार वर्ष पूर्व मिलने लगता है। हिंदी साहित्य के इतिहास का विभाजन कालक्रम की दृष्टी से चार कालों - आदि, पूर्वमध्य, उत्तरमध्य और आधुनिक में किया जाता है।

पंडित रामचंद्र शुक्ल ने काल क्रम से विभाजित इस काल खंडो का नामकरण इसप्रकार किया है - आदिकाल को अपभ्रंश काव्य और देश भाषा काव्य में विभाजित करके देश भाषा काव्य को 'वीरगाथा' नाम दिया। अपभ्रंश काल में जैन, सिद्धों और नाथ कवियों द्वारा लिखित सामग्री को वे साहित्य की कोटि में रखने को तेंयार नहीं थे। उनके अनुसार देश भाषा काव्य की वीरगाथात्मता ही समूचे आदिकाल की प्रधान साहित्यिक प्रवृति हैं। इसलिए वि आदिकाल को 'वीरगाथाकाल' कहना उचित समझते थे। पूर्वमध्य काल को वे 'भक्तिकाल' और उत्तम काल को वे 'रीतिकाल' कहते हैं। आधुनिक काल को वे 'ग़द्दकाल' कहना उचित समझते हैं। शुक्ल जी द्वारा किया गया हिंदी साहित्य के इतिहास का नाम करण और काल विभाजन इस प्रकार से है,

आदिकाल   - संवत १०५० से १३७५
पूर्वमध्य काल (भक्तिकाल)  - संवत १३७५ से १७००
उत्तम काल (रीतिकाल) - संवत १७०० से १९००
आधुनिक काल (ग़द्दकाल) - संवत १९०० से ........

अपने आगे की श्रंखला में हम एक एक करके इन कालों की विवेचना करेंगे।
तब तक के लिए आज्ञा  दीजिये। धन्यवाद

---------------
सहायक ग्रन्थ सूची :
हिंदी साहित्य का संछिप्त इतिहास - NCERT - कक्षा १२

Saturday, 1 December 2012

एक विचार

वर्ष 2012 समाप्त होने को है और मैं एक बहुत ही लम्बे समय के पश्चात अपने इस प्रिय ब्लॉग पर लौट सका हूँ। कुछ व्यस्तताओं और निजी अस्वस्थथा होने के कारण यह विलंभ हुआ, आशा है आप लोग क्षमा करेंगे।
कुछ समझ नहीं पा रहा हूँ की कहाँ से शुरू करूँ। कहावत है की शुरुवात अच्छे से ही करनी चाहिए तो अभी कुछ दिन पहले ही समाचार आया है कि ब्रिटेन के भारतीय मूल के बड़े व्यवसायी श्री लक्ष्मी मित्तल और फ्रांस सरकार में समझोता होगया है कि श्री मित्तल अब अपना फ्लोरंगे साईट की स्टील फैक्ट्री नहीं बंद करेंगे जिससे लगभग 650 फ्रांस के लोग बेरोजगारी के खतरे से बच गए और इस प्रकार से विश्व ने देखा की किस प्रकार से भारतीय भी जन हित को ध्यान में रख कर व्यवसायिक योजनायें बनाने में सक्षम हैं। इसी के साथ कुछ समय पहले यह समाचार भी सुखदायी थे कि अग्नि V के प्रक्षेपण के साथ ही भारत भी विश्व की 6 बड़ी सामरिक शक्तियों के समूह में  शामिल हो गया है। इसी के साथ भारत के पास भी अब 8000 किलोमीटर लम्बी दूर मार करने वाली प्रक्षेपात्र उपलब्ध है।
ख़राब समाचरों में भारत देश में भ्रटाचार एक बहुत बड़ी बीमारी के रूप में साफ़ दिखाई दिया है जहाँ इतने बड़े बड़े घोटाले सुनायी दे रहे हैं की एक आम भारतीय तो शायद कभी ठीक से पैसे की उस मात्रा और उनकी पूरी गिनती भी न कर पाए। परन्तु जैसे गुलामी के अँधेरे में राष्ट्र पिता महात्मा गाँधी और अन्य महा पुरुष सक्रिय थे और वे सफल भी हुए उसी प्रकार से आज भी हमारे सामने इस भ्रटाचार रुपी राक्षस से लड़ने के लिए भी नायक उपलब्ध हैं। हम सभी को मिलकर उनके सफल होने की कामना करनी चाहिए। 
आज के लिए बस इतना ही, शेष फिर। जल्दी ही कुछ उपयोगी लेख के साथ उपस्थित होऊंगा। धन्यवाद ।

Tuesday, 22 November 2011

हिंदी भाषा का इतिहास - X : हिंदी भाषा और उसकी शब्दावली

हिंदी भाषा अंग्रेजी भाषा से कई मायनों में भिन्न है.
इसीलिए मैं किसी को इंग्लिश से हिंदी सीखने की सलाह नहीं देता हूँ. कुछ उल्खेनीय तुलनाएं हिंदी और अंग्रेजी भाषा के प्रयोग की....... 

(१) हिंदी संज्ञाएँ (noun ) या तो पुर्लिंग हैं या फिर स्त्रीलिंग. जैसे "कमला" स्त्रीलिंग है और "मोहन" पुर्लिंग है
(२) अधिकतर विशेषताएं (adjectives ) लिंग के साथ बदलती रहती हैं. उद्धरण के लिए "कमला सुन्दर दिखती है " और "मोहन मोटा लगता है" इत्यादि.
(३) क्रिया (verb ) भी बदलती है लिंक के साथ जैसे "कमला खाती है" और "मोहन पढ़ रहा है".
( ४) पूर्वसर्ग (preposition) जैसे "है", "था" इत्यादि संज्ञा/सर्वनाम के बाद में आते हैं जबकि अंग्रेजी में पूर्वसर्ग संज्ञा के पहले आते हैं. जैसे अंग्रेजी में हम कहते हैं की "Mohan is reading" लेकिन हिंदी में हम कहते हैं "मोहन पढ़ रहा है". अर्थात संज्ञा/सर्वनाम और क्रिया/विशेषण के संयुक्त प्रयोग में भी हिंदी का प्रयोग अंग्रेजी के प्रयोग से भिन्न है.
(५) अंग्रेजी में एक ही संबोधन कई लोगों के लिए किया जा सकता है. जैसे "you" का प्रयोग अंग्रेजी में बड़े और अपने से छोटे सभी के लिए उपयोग होता है, परन्तु हिंदी में अपने से बड़ो अथवा सम्मान में "आप" का और मित्रवत संबोधन में "तुम" का प्रयोग होता है.
(६) बहुत से शब्द इंग्लिश ने हिंदी से लिए हैं और इन्हें बुधिजीविओं ने स्वीकार भी है. जैसे
बाज़ार,  बंगला, कुली, गुरु, खाकी,  ठग, लूट, पैजामा,  योग और पंडित इत्यादि

Sunday, 23 October 2011

पांचवी कक्षा दिनांक २३ अक्टूबर २०११

आज की कक्षा पुनः मैंने ली और हमेशा की भांति एकात्मता मंत्र के साथ कक्षा का आरम्भ किया.
कक्षा का आरम्भ "मेरा नाम क्या है " जैसे वाक्य से की गयी. बच्चों को बड़ा अच्छा लगा अपना अपना नाम बताने में. आपको याद होगा की हमने अपनी तृतीय कक्षा में बच्चों को घर पर इस वाक्य का अभ्यास करके आने को कहा था और जैसा मेरा अनुमान था की जिन बच्चों ने अभ्यास किया था उनकी समझ में तो आया परन्तु शायद उन बच्चों को जरूर बोरियत हुई होगी जो या तो उस कक्षा में नहीं थे या फिर अभ्यास नहीं कर पाए.
परन्तु शायद इसीलिए कक्षा में अध्यापकों की आवश्यकता है की वे पुनः अभ्यास कराएँ. और वैसा ही हम ने भी किया. एक बार फिर से बच्चों को वाक्यों की रचना करना सिखाया और उसके बीच बीच में शब्दों की रचना का भी अभ्यास किया. इसके पश्च्यात हम लोगों ने कुछ वाक्यों को लिखने का भी अभ्यास किया. यह वाक्यों की रचना हम आगे भी जारी रखेंगे और हमारी कोशिश रहेगी की इन वाक्यों से कुछ अर्थपूर्ण नैतिक ज्ञान बच्चों को इस सत्र की अंत, यानी कि जनवरी माह तक  सिखा सकें.
इस प्रकार से हमने अभी तक इतना तो कर ही लिया है....
                        एकात्मता मंत्र और गायत्री मंत्र का अभ्यास
                        वर्णाक्षरों का अभ्यास और दो-तीन अक्षरों से बनाने वाले शब्दों की रचना
                        हिंदी वाक्यों की रचना और पूर्ण विराम का परिचय;
                        संज्ञा और सर्वनाम

अपनी अगली कक्षा में हम संज्ञा और सर्वनाम का पुनः अभ्यास करेंगे और हिंदी भाषा के कुछ अन्य पहलू पढेगे. हमारी सहयोगी रीता जी ने कुछ सूचनाएं बच्चों को दी हैं. जैसे दीपावली के शुभ अवसर पर हमारी हिंदी कक्षा अगले सप्ताहांत नहीं लगेगी और अगली हिंदी कक्षा अब ६ नवम्बर को होगी.
आज कुछ नए बच्चे भी कक्षा में दिखे और सभी ने बड़े ख़ुशी के साथ कक्षा में भाग लिया. हिंदी कक्षा के अपने इस सत्र में हम लोग हिंदी - एक बोल चाल की भाषा के रूप में ले रहे हैं और इसलिए बच्चों को कक्षा में बहुत नहीं लिखना होता है.बच्चे इससे बहुत खुश हैं और एक बच्ची ने तो कहा की "पहले हम बहुत लिखते थे और अब बहुत पढ़ते हैं".अब अगली कक्षा, याद रहे जो ०६ नवम्बर को है, की जिम्मेदारी रीता जी की है.
सभी को सपरिवार दीपावली की हार्दिक शुभ कामनाएं.
शेष फिर.अपने विचार भेजते रहें. धन्यवाद