Friday 30 July 2010

हिंदी भाषा का इतिहास - I

हिंदी शब्द हिंदी भाषा का या खड़ी बोली का नहीं है. इसकी उत्पत्ति 'सप्त सिन्धु -> हिन्दू से हुई है.
हिन्दू शब्द का मूल संस्कृत साहित्य में पाया जाता है. ऋगवेद में भारत को सप्त सिन्धु का देश कहा गया है अर्थात सात महान नदियों का देश. सिन्धु का प्रयोग यहाँ पर नदियों और हिंद महासागर के सन्दर्भ में प्रयुक्त हुआ है न कि केवल सिन्धु नदी के लिए. वैदिक संस्कृत में, प्राचीन शब्दकोशों के अनुसार, 'स' का उच्चारण 'ह' के रूप में होता है और इसलिए सप्त सिन्धु का उच्चारण हप्त हिन्दू के रूप में हुआ और यहीं से हिन्दू शब्द कि उत्पत्ति हुई. प्राचीन पर्सियन भी भारत को हप्त हिन्दू ही उच्चारित करते थे जैसा कि उनके प्रतिष्ठित साहित्य "Bem Riyadh" में भी अंकित है.इसी कारण से कुछ विद्वानों का विश्वास था कि हिन्दू शब्द का जन्म पर्सिया में हुआ था. ग्रीस के निवासी जिन्होंने भारत पर सिकंदर (alexandar) के रूप में आक्रमण किया था उन्होंने हिन्दू (Hindu) शब्द से ह(H) हटा दिया और उसे Indoos और Indus उच्चारित किया जिससे इंडिया (India) शब्द की उत्पत्ति हुई. 

'सप्त सिन्धु' नदियों का देश हिंद या इंडिया कहलाया और इस देश के निवासी हिंदी कहलाये. याद करें..............इकबाल का वो तराना.........'हिंदी हैं हम वतन है हिंदुस्तान हमारा' अमीर खुसरो ने भी लिखा है --- " बादशाह ने हिन्दू को तो हाथी से कुचलवा डाला, किन्तु मुसलमान जो हिंदी थे, सुरक्षित रहे."

इस प्रकार हिंदी शब्द की उत्पत्ति 'हिन्द देश के वासियों' के अर्थ में हुई. आगे चल कर यह शब्द 'हिन्द की भाषा' के अर्थ में भी प्रयुक्त होने लगा.

'हिंदी' शब्द जिसकी उत्पत्ति 'हिन्द + ई' = 'हिंदी'  के रूप  में मूल शब्द 'हिन्द' में निसवत का प्रत्यय 'ई' जोड़ कर हुई है,

आरम्भ में दो सामान्य अर्थो में प्रचलित रहा है ------ पहला, हिन्द देश के निवासी और दूसरा, हिन्द की भाषा .
किन्तु अब यह शब्द इन दोनों के आरंभिक अर्थों से पृथक हो गया है.

इस देश की निवासियों को अब कोई 'हिंदी' नहीं कहता . यहाँ के निवासी अब भारतवासी, भारतीय, हिन्दुस्तानी लोग कहलाते हैं. 

इस प्रकार, इस देश की व्यापक भाषा के अर्थ में भी अब 'हिंदी' शब्द का प्रयोग नहीं होता, क्योंकि भारत में अनेक भाषाएँ और बोलियाँ हैं जैसे 'पंजाबी, तमिल, गुजरती आदि जो सभी हिंदी  नहीं कहलाती. इन्हें हिंदी के बजाये 'भारतीय या भारत की भाषाएँ' कहा गया.
---------------
सहायक ग्रन्थ सूची :

राज भाषा हिंदी - डॉ मालिक मोहम्मद
इन्टरनेट : 
http://www.hindubooks.org/david_frawley/myth_aryan_invasion/sanskrit/page1.htm(15 July 2010)